चमोली/विनोद पांडे,संवाददता। आगामी चारधाम यात्रा की शुरुआत से पहले जनपद में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में, यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। यात्रा की महत्ता और भारी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए, डीएम और एसपी ने आज यात्रा ड्यूटी में तैनात किए गए पुलिस बल को महत्वपूर्ण दिशानिर्देशों के साथ संबोधित किया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण ब्रीफिंग सत्र में, जिलाधिकारी सन्दीप तिवारी ने यात्रा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की पहचान है और हमारी प्राथमिकता इसे सुचारू, सुरक्षित और सुखद बनाना है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से यात्रियों के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने, उनकी हर संभव सहायता करने और किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का आह्वान किया। डीएम ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने और अन्य आकस्मिकताओं के लिए तैयार रहने पर भी जोर दिया।





