देहरादून, उत्तराखंड। देहरादून के राजपुर रोड स्थित सी.एन.आई. गर्ल्स इंटर कॉलेज में आज वार्षिक एवं क्रिसमस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
मनमोहक प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इस अवसर पर न केवल समारोह की शोभा बढ़ाई, बल्कि उन्होंने विद्यालय की 18 जरूरतमंद छात्राओं को स्वेटर वितरित कर अपना सामाजिक सरोकार भी दर्शाया।
मेधावी और क्रीड़ा में उत्कृष्ट छात्राओं का सम्मान
मंत्री जोशी ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया।

शैक्षणिक सम्मान: उत्तराखण्ड परिषदीय बोर्ड परीक्षा 2025 में हाईस्कूल एवं इंटर कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली 05 छात्राओं को सम्मानित किया गया।
क्रीड़ा सम्मान: ब्लॉक एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों पर ज़ोर
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय के 168 वर्षों की गौरवशाली परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाने के महान कार्य में निरंतर संलग्न है।
उन्होंने शिक्षकों, अध्यापकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा और चरित्र निर्माण के महत्व पर ज़ोर दिया।
मंत्री जोशी ने आधुनिक दौर में विचारों में आधुनिक बनने की बात कही और छात्राओं को जीवन में सफल होने के मूल मंत्र दिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के महत्व को भी रेखांकित किया।




