23.5 C
Dehradun
Saturday, February 14, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडदेहरादून ब्रेकिंग: हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़, 10 लाख में होती थी...

देहरादून ब्रेकिंग: हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़, 10 लाख में होती थी डील; दो आरोपी गिरफ्तार 🚨

देहरादून। उत्तराखण्ड STF ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की मल्टी टास्किंग स्टाफ एवं हवलदार भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार भारत सरकार आयोजित SSC परीक्षा के दौरान STF को इनपुट मिला कि कुछ लोग अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहे हैं और आधुनिक तकनीक की मदद से परीक्षा प्रणाली में हस्तक्षेप कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एमकेपी इंटर कॉलेज स्थित महादेव डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र में छापेमारी की गई।
प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये की डील
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये प्रति उम्मीदवार की मांग करते थे। गिरोह अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर कंप्यूटर सिस्टम को रिमोट एक्सेस से नियंत्रित करता था और बाहर बैठी टीम प्रश्नपत्र हल कर जवाब उपलब्ध कराती थी।
अंडरग्राउंड चेंबर में छिपा था पूरा सेटअप
छापे के दौरान परीक्षा लैब के पास बने UPS रूम में जमीन के नीचे लगभग 2×2 फीट का अंडरग्राउंड चेंबर बनाया गया मिला। यहां दो लैपटॉप और राउटर स्वचालित स्थिति में संचालित पाए गए। जांच में सामने आया कि इन्हें रिमोटली ऑपरेट कर परीक्षार्थियों के प्रश्न हल किए जा रहे थे।
STF टीम ने तकनीकी और फॉरेंसिक उपकरणों की मदद से पूरे सिस्टम को कब्जे में लेकर परीक्षा केंद्र को सील कर दिया।
बरामद हुए हाईटेक उपकरण
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से —
दो डेल लैपटॉप
ईथरनेट केबल
USB कनेक्टर
डीजिसोल राउटर
कनेक्टिंग बॉक्स
चार मोबाइल फोन
बरामद किए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, कई फरार
पुलिस ने इस मामले में नीतिश कुमार निवासी देवरिया, हाल निवासी नागलोई दिल्ली और भास्कर नैथानी निवासी नथुवावाला, देहरादून को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ उत्तराखण्ड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम-2023, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना वरिष्ठ अधिकारी द्वारा की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here





Most Popular