हरिद्वार: हरिद्वार के भगवानपुर पुलिस ने होटल में कुक का काम करने वाले युवक की हत्या में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने युवक के साथ पहले शराब पी और फिर ट्रक से कुचलकर मार डाला।
प्रताप कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी कि उसके पति 26 वर्षीय राहुल कुमार की टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई है। राहुल एक होटल पर कुक था। पुलिस ने जांच के बाद राजीव निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राहुल शराब के नशे में उसकी भांजियों पर अश्लील टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के वह हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। घटना के दिन दोनों ने उसके ट्रक में बैठकर शराब पी। इस बीच दोनों में झगड़ा हो गया। राजीव ने गुस्से में राहुल को ट्रक से उतार दिया। इसके बाद पैदल जाते समय उस पर ट्रक चढ़ा दिया। पुलिस ने ट्रक बरामद कर लिया है।



