Homeउत्तराखंडहल्द्वानी में 132.55 करोड़ की 39 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सीएम धामी ने...

हल्द्वानी में 132.55 करोड़ की 39 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सीएम धामी ने दी विकास को रफ्तार

हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार रुपये की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 60 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही विशेष योजनांतर्गत सहायता (SPA) कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (कुल लागत 154 करोड़ 43 लाख रुपये) का भी भूमि पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिले को विकास की नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और हर क्षेत्र में प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ राज्य की संस्कृति और विरासत को भी सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में जिन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया गया उनमें शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, बेलपोखरा और बैलपड़ाव में नलकूप निर्माण, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण तथा जल जीवन मिशन के तहत 14 पेयजल योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण सहित कुल 23 कार्यों का लोकार्पण किया गया।

शिलान्यास की गई 16 योजनाओं में विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं सुधारीकरण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नशा मुक्ति केंद्र पांडे नवाड़ का मरम्मत कार्य, गौलापुर और देवरामपुर क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य तथा पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग जैसे कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे फैसलों के माध्यम से राज्य में सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि राज्य की संस्कृति और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here





Most Popular