देहरादून: उत्तराखंड में अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर पिछले 10 दिनों से आंदोलनरत डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ को अब सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ का भी पूर्ण समर्थन मिल गया है। बुधवार को सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने धरना स्थल पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की और शासन को जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री भुवनेश्वर बड़ौनी, प्रांतीय संरक्षक श्री पूर्णानंद नौटियाल और प्रांतीय महामंत्री इंजीनियर प्रवेश सेमवाल लोक निर्माण विभाग मुख्यालय (देहरादून) स्थित धरना स्थल पहुंचे।
डिप्लोमा इंजीनियर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल 23 मार्च से जारी है। आज हड़ताल का दसवां दिन था जहां महासंघ ने मुख्य सचिव और सचिव (सिंचाई विभाग) को ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है।

”कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों की अनदेखी करना अनुचित है। शासन को हठधर्मिता छोड़कर शीघ्र सकारात्मक पहल करनी चाहिए।”
— श्री भुवनेश्वर बड़ौनी, प्रांतीय अध्यक्ष
”यदि मांगों का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा। हम डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के साथ मजबूती से खड़े हैं।”
— श्री पूर्णानंद नौटियाल, प्रांतीय संरक्षक



