देहरादून : राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई) उत्तराखंड द्वारा आयोजित उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2025 का आयोजन 1 से 3 मार्च तक परेड ग्राउंड, देहरादून में होगा। इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपुर के विधायक खजान दास करेंगे।
यह तीन दिवसीय उत्सव राज्य और देशभर की जनजातीय विरासत, परंपराओं और कलात्मक अभिव्यक्तियों को प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इस महोत्सव में जनजातीय प्रदर्शनियां, पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां, लोक संगीत समारोह और हस्तशिल्प प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जो दर्शकों को भारत की समृद्ध जनजातीय संस्कृति से रूबरू कराएंगी।
यह भी पढ़े👉 उत्तराखंड: नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार! read more..
महोत्सव के बारे में बात करते हुए, मुख्यमंत्री के अपर सचिव एस.एस. टोलिया ने कहा, “उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी आदिवासी समुदायों के अमूल्य योगदान को सम्मान देने का एक प्रयास है। यह मंच कला, परंपरा और इतिहास को एक साथ लाकर समाज में जनजातीय संस्कृति के प्रति जागरूकता और सराहना को बढ़ावा देगा।”




