हल्द्वानी। बुलेट में रेट्रो साइलेंसर लगा तेज धमाके की आवाज निकाल रहे युवक ने विरोध कर रहे लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आया युवक हमले में घायल हो गया।
शनिवार शाम राजपुरा क्षेत्र में रेट्रो साइलेंसर लगी बाइक के धमाकों पर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर बाइक सवार युवक ने लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने चाकू मार कर युवक आकाश को घायल कर दिया। विवाद बढ़ने पर हमलावर युवक के परिजनों ने अपनी छत से लोगों पर पथराव भी किया। इसके बाद घटना पर आक्रोशित क्षेत्र के लोग भारी संख्या में कोतवाली पहुंचे। लोगों ने हमलावर युवक को जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि हमलावर युवक पूर्व में भी इस तरह के कृत्य करता रहा है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



