देहरादून: डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में यह समारोह संपन्न हुआ।
लोकभवन में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह
उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन, देहरादून में राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। समारोह से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति का अधिपत्र पढ़कर सुनाया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत हुई।
शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव आनंद बर्धन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है, जिन्होंने पांच वर्ष से अधिक समय तक उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य किया।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुआ जन्म
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। पेशे से चिकित्सक और कृषक बिसेन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजनीति में उन्होंने विधायक, सांसद और कैबिनेट मंत्री के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं।
उनका राजनीतिक अनुभव मुख्य रूप से मध्य प्रदेश की राजनीति से जुड़ा रहा है। राज्य सरकार में मंत्री के रूप में उन्होंने विभिन्न विभागों का कार्यभार संभाला।



