देवप्रयाग: उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। आज सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई को पार करते हुए सीधे नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। मौके पर युद्धस्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सेनानायक SDRF (उत्तराखण्ड) श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार, हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF की तीन अलग-अलग टीमों को रेस्क्यू में लगाया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार लोग राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले SDRF पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद श्रीनगर और ढालवाला से भी SDRF की फ्लड रेस्क्यू टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

वर्तमान में ब्यासी, श्रीनगर और ढालवाला की SDRF टीमें स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से नदी के तेज बहाव और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चला रही हैं।
राहत और बचाव कार्य के दौरान टीम को अब तक निम्नलिखित सफलताएं मिली हैं:
एक घायल का रेस्क्यू: रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को नदी से गंभीर हालत में जीवित बाहर निकाला, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है।
दो शव बरामद: नदी और तटों पर सर्चिंग के दौरान अब तक दो व्यक्तियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

