टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गूलर पुल के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरी खाई में गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल बताए गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे थाना मुनिकीरेती को मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस तथा आपदा राहत दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू अभियान में शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप की टीम ने भी सहयोग किया।
रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस सहित स्थानीय व निजी एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, करीब एक घंटे के भीतर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई। दुर्घटना में 7 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि 2 लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे हरिद्वार से 34 यात्रियों को लेकर जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।




