देहरादून। झाझरा स्थित जल वायु टावर्स में दुर्गा पूजा समिति एवं सांस्कृतिक संघ द्वारा इस्कॉन देहरादून (मोथरोवाला) के सहयोग से “भजन संध्या” का भव्य आयोजन किया गया। कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासियों एवं उनके परिवारों ने भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भजन, कीर्तन और आरती के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) के महानिदेशक प्रो. डॉ. दुर्गेश पंत तथा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष आर्किटेक्ट विपुल मंडोली रहे। दोनों अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर जल वायु टावर्स के निवासियों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। कार्यक्रम में विनय कांडपाल, तोरित मित्रा, चंदना मित्रा, तनुप्रिया चौधरी, अरूप चक्रवर्ती, देबज्योति, दीपक रंजन, अभिजीत, रीमा पंत, मृगेन्द्र चौधरी, रितुपर्णा, रेणु कांडपाल, जॉली सेन, देवाशीष घोष, गार्गी और संदीप नंदी सहित अनेक निवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा बच्चों का फैंसी ड्रेस शो रहा, जिसमें नन्हे बच्चों ने राधा, कृष्ण एवं कृष्ण लीला के विभिन्न पात्रों का मनमोहक रूप धारण कर प्रस्तुति दी। आयोजकों ने इसे प्रतियोगिता के बजाय एक सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में आयोजित किया, जिसमें प्रत्येक बच्चे के प्रदर्शन की समान रूप से सराहना की गई।

प्रो. डॉ. दुर्गेश पंत ने कहा कि “जल वायु टावर्स के निवासियों की भक्ति और उत्साह अत्यंत प्रेरणादायक है। इस शानदार आयोजन के लिए दुर्गा पूजा समिति एवं सांस्कृतिक संघ बधाई का पात्र है।”
वहीं आर्किटेक्ट विपुल मंडोली ने कहा कि “भजन संध्या में शामिल होकर निवासियों की श्रद्धा और सांस्कृतिक एकजुटता देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। मुझे आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव 3.0 का भी बेसब्री से इंतजार रहेगा।”

