देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” तथा “शिक्षित उत्तराखंड” के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में सोमवार को भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड सरकार के जनजाति आयोग के निदेशक संजय टोलिया को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती बचना शर्मा एवं पूर्व युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में लाखामंडल क्षेत्र के आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय और प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप सीटें बढ़ाने की मांग की गई।
इस अवसर पर बचना शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीब, वंचित एवं जनजातीय समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लाखामंडल आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय सरकार की इसी सोच का प्रतीक है, जहां गरीब परिवारों की बेटियों को निःशुल्क शिक्षा, भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई विद्यालयों में एक-एक शिक्षक को तीन से चार कक्षाओं का संचालन करना पड़ रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। यदि रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाती हैं तो सरकार का “हर बच्चा शिक्षित हो” का लक्ष्य और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा हो सकेगा।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
-
एक माह के भीतर लाखामंडल क्षेत्र के सभी विद्यालयों में रिक्त शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाए।
-
छात्र संख्या के अनुरूप विद्यालयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाए।
-
शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की जाए।
