Homeदेहरादूनदेहरादून में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट का खुलासा, 24 घंटे...

देहरादून में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट का खुलासा, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का पटेलनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। वहीं, घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी निवासी राणा कॉलोनी, हरिपुर कलां ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह भूमि के सौदे के सिलसिले में देहरादून आए थे, जहां उन्होंने दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे। इसके बाद वह अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविन्दर के साथ वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइकों पर सवार 4-5 युवकों ने उनके वाहन को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने वाहन की पिछली सीट पर रखे 14 लाख रुपये से भरे बैग को लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पटेलनगर पुलिस को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से लूटे गए 1.50 लाख रुपये बरामद हुए।

परिचित की जानकारी से बनाई लूट की योजना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिनेश तिवारी के परिचित थे। उन्हें पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी जमीन के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहे हैं। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जल्दी पैसा कमाने के इरादे से लूट की योजना बनाई।

आरोपियों ने 7 नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास राजेश कुमार सोनी और उनके साथियों के साथ मारपीट कर वाहन में रखा 14 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के अलावा घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की भी पहचान हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27 वर्ष), निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर, हाल निवासी देहराखास, देहरादून।

  2. जसमीत सिंह (18 वर्ष), निवासी सुंदरपुर, बिहारीगढ़, सहारनपुर, हाल निवासी पटेलनगर, देहरादून।

  3. शक्ति सिंह (47 वर्ष), निवासी राजपुर रोड, देहरादून।

बरामदगी: लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर कोतवाली की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here








Most Popular