रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंचे।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया बुधवार तड़के सुबह चार बजे से ही शुरू हो गई थी। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

कपाट बंद होने के पश्चात बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। डोली का पहला रात्रि पड़ाव रामपुर में रहेगा। इसके बाद 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी और 13 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी।

अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। कपाट बंद होने के इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, बदरी-केदार मंदिर समिति के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




