देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश प्रधान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रदेश अध्यक्ष योगिता केंतुरा रावत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण विकास, ग्राम पंचायतों की भूमिका और प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। गांवों के समग्र विकास, स्थानीय समस्याओं के समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान ग्रामीण जनता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार करना है।



