देहरादून। बीमा पॉलिसीधारकों की समस्याओं और लंबित शिकायतों के समाधान के लिए भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) की पहल पर देहरादून में 20 नवंबर को शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जनरल इंश्योरेंस, लाइफ इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
IRDAI ने नवंबर 2026 को शिकायत समाधान माह (Grievance Resolution Month) घोषित किया है। इसी के तहत देशभर के 16 शहरों में बीमा पॉलिसीधारकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का आयोजन जनरल इंश्योरेंस काउंसिल और लाइफ इंश्योरेंस काउंसिल की ओर से किया जा रहा है।

उत्तराखंड के लिए IRDAI द्वारा नामित लीड इंश्योरर झ्यूरिक कोटक जनरल इंश्योरेंस को देहरादून में शिविर आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविर 20 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक राजपुर रोड स्थित रेड फॉक्स होटल में आयोजित होगा।
इस शिविर में उत्तराखंड के सभी पॉलिसीधारक शामिल हो सकते हैं। इसमें जनरल इंश्योरेंस, लाइफ इंश्योरेंस और स्टैंड-अलोन हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से संबंधित शिकायतें रखी जा सकेंगी। पॉलिसीधारकों को व्यक्तिगत रूप से पहुंचने के साथ ही ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने की सुविधा भी मिलेगी।




