Homeउत्तराखंडडॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू...

डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की नियुक्ति

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति की गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विभिन्न राज्यों में राज्यपालों की नई नियुक्तियों की घोषणा के बाद यह बदलाव सामने आया है। नई नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी नियुक्तियों की सूची में डॉ. ढाल सिंह बिसेन का नाम उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शामिल है। वर्तमान में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह हैं, जिन्होंने सितंबर 2021 में पदभार ग्रहण किया था।

कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन?

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुआ था। वे आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक होने के साथ-साथ लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े डॉ. बिसेन ने मध्य प्रदेश की राजनीति में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

वे वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003 में बरघाट विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 2011 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश के चौथे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में डॉ. बिसेन बालाघाट संसदीय क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के साथ उनकी पहचान सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले नेता के रूप में भी रही है।

कई अन्य राज्यों में भी राज्यपालों की नियुक्ति

राष्ट्रपति द्वारा घोषित नियुक्तियों के तहत अन्य राज्यों में भी नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। इनमें ओम प्रकाश माथुर को केरलम, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति के बाद अब उत्तराखंड में उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here







Most Popular