Homeउत्तराखंडहल्द्वानी में शराब दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे, 12 दुकानों में बड़ी अनियमितताएं...

हल्द्वानी में शराब दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे, 12 दुकानों में बड़ी अनियमितताएं पकड़ी गईं

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में मदिरा दुकानों के खिलाफ मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को आबकारी विभाग की टीम ने शहर की कुल 12 देशी और विदेशी मदिरा दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्यवाही के दौरान दुकानों में स्टॉक रजिस्टर और सीसीटीवी कैमरों से जुड़ी कई गंभीर खामियां पाई गईं।

आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, कुसुमखेड़ा और लोहरियासाल स्थित दुकानों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानों में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं थे और सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े थे। इसके अलावा, अधिकांश दुकानों पर मदिरा के नए रेटों की लिस्ट भी चस्पा नहीं की गई थी, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने संबंधित दुकानों के चालान काटने की कार्यवाही की है। आबकारी टीम ने प्रशमन (जुर्माने) की कार्यवाही के लिए रिपोर्ट जिला आबकारी अधिकारी, नैनीताल को सौंप दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले अनुज्ञापियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्यवाही से शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।

कार्यवाही के दौरान विक्रेताओं और अनुज्ञापियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे केवल निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री करें। टीम ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा अनियमितताएं पाई गईं या ओवररेटिंग की शिकायत मिली, तो दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी। निरीक्षण टीम में उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद जोशी और प्रधान सिपाही चंद्रशेखर कांडपाल भी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here







Most Popular