Homeउत्तराखंडदेहरादून: UTU पेपर लीक मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

देहरादून: UTU पेपर लीक मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

UTU Paper Leak: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) के सेमेस्टर परीक्षा पेपर लीक मामले में आरोपी पाए गए सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले संबंधित संस्थान ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

आंतरिक जांच में सामने आया कि आरोपी शिक्षक ने ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ और ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाए थे। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं निरस्त कर दी थीं।

UTU Paper Leak

विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. दुर्गा ठाकुर ने बताया कि 8 जुलाई को आयोजित सेमेस्टर परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय को एक ईमेल प्राप्त हुआ था। ईमेल में दावा किया गया था कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने जांच के दौरान इस आरोप की पुष्टि की।

कॉलेज के निदेशक प्रो. टी.एम. सिद्धू ने बताया कि मामला सामने आते ही संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उनका इंक्रीमेंट रोकते हुए सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

वहीं, देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर मुख्य आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर प्रश्नपत्र लीक कर कुछ लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी ने कहा कि UTU Paper Leak मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिस किसी की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular