देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 जुलाई को एक अनूठा और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सोलफिट वेलनेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले मैंगो फेस्ट में पहली बार लगभग 200 महिलाएं एक साथ पारंपरिक भारतीय शैली में आम के अचार (मैंगो पिकल) की मिक्सिंग करेंगी। इस आयोजन के माध्यम से इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नया रिकॉर्ड दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को प्रेस क्लब, देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में सोलफिट वेलनेस की ओनर रूपा सोनी, अमित मनोचा, रचना पांधी एवं रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की अध्यक्ष एडवोकेट अंजना साहनी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
भारतीय संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
आयोजकों ने बताया कि दुनिया के कई देशों में क्रिसमस से पहले केक मिक्सिंग सेरेमनी आयोजित की जाती है, जिसे पश्चिमी संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। इसी सोच को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए पहली बार मैंगो पिकल मिक्सिंग सेरेमनी आयोजित की जा रही है, ताकि भारतीय पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सके।
महिलाओं की सामूहिक शक्ति का होगा प्रदर्शन
आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि महिलाओं की सहभागिता, भारतीय पारंपरिक व्यंजनों और घरेलू पाक-कला को एक मंच पर सम्मान देना भी है। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश देगा।
मैंगो थाली कुकिंग प्रतियोगिता भी होगी आकर्षण
मैंगो फेस्ट के दौरान मैंगो थाली कुकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 30 महिलाएं अपने घरों से आम पर आधारित विभिन्न व्यंजन तैयार कर लाएंगी और आकर्षक मैंगो थाली प्रस्तुत करेंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं की रचनात्मकता, पारंपरिक भारतीय स्वाद और पाक-कला को बढ़ावा दिया जाएगा।
महिलाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
आयोजकों ने प्रदेशभर की महिलाओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, महिला सशक्तिकरण और सामूहिक सहभागिता का एक यादगार उदाहरण बनेगा।