Homeदेहरादूनदेहरादून: SIR को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब, अभिनव...

देहरादून: SIR को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब, अभिनव थापर बोले- हर पात्र मतदाता का वोट सुरक्षित रहे

देहरादून, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों के संदर्भ में चुनाव आयोग से पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

देहरादून में जारी बयान में अभिनव थापर ने कहा कि SIR से जुड़े फैसलों और उस पर उठे सवालों का स्पष्ट उत्तर देश की जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखना लोकतंत्र के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार “वोट चोरी” का मुद्दा उठाते रहे हैं और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर जनता को जागरूक कर रहे हैं। उनका कहना है कि SIR को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों के बाद यह विषय और अधिक गंभीर हो गया है।

अभिनव थापर ने कहा कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि SIR की प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे। उन्होंने Form-7 के कथित दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने तथा मतदाता सूची में किए गए प्रत्येक बदलाव की पारदर्शी जानकारी राजनीतिक दलों और आम जनता को उपलब्ध कराने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने मताधिकार के प्रति पूरी तरह सजग है और कांग्रेस हर पात्र नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट की सुरक्षा ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular