देहरादून, उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के महिला वर्ग के लीग मुकाबले समाप्त हो गए हैं और अब तीसरे सीजन का खिताबी मुकाबला मसूरी क्वींस और देहरादून वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। मसूरी क्वींस ने अपने सभी लीग मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि देहरादून वॉरियर्स ने तीन में से दो मैच जीतकर दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई।
बुधवार को खेले गए लीग चरण के आखिरी दो मुकाबलों में देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल से पहले अपना आत्मविश्वास मजबूत किया।

देहरादून वॉरियर्स ने बागेश्वर एरियल को 4 विकेट से हराया
दिन के पहले मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बागेश्वर एरियल की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती रही और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 98 रन ही बना सकी।
99 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स ने कुछ शुरुआती विकेट गंवाए, लेकिन नीलम भारद्वाज ने 39 गेंदों में शानदार 48 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। देहरादून ने 18.1 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए नीलम भारद्वाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मसूरी क्वींस ने पिथौरागढ़ हरिकेन्स को 23 रन से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 88 रन बनाए और पिथौरागढ़ हरिकेन्स को जीत के लिए 89 रन का लक्ष्य दिया।
जवाब में उतरी पिथौरागढ़ हरिकेन्स की टीम मसूरी क्वींस की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 65 रन ही बना सकी। मसूरी क्वींस ने यह मुकाबला 23 रन से जीतकर लीग चरण में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और 100 प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा।

