देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तराखंड संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता राम माधव को राज्य का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही दुष्यंत गौतम को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को उत्तराखंड बीजेपी का नया सह-प्रभारी बनाया गया है।
यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब पार्टी वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा चुनावी रणनीति को धार देने के उद्देश्य से शीर्ष नेतृत्व ने यह बदलाव किया है।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी पर रहेगा फोकस
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी संगठनात्मक स्तर पर नई रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। नए प्रदेश प्रभारी राम माधव को संगठन और चुनाव प्रबंधन का लंबा अनुभव है, जिससे पार्टी को चुनावी तैयारियों में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

