Homeउत्तराखंडUPL 2026: भारतीय महिला टीम के एशियन गेम्स गोल्ड पर बोलीं नंदिनी...

UPL 2026: भारतीय महिला टीम के एशियन गेम्स गोल्ड पर बोलीं नंदिनी कश्यप, “यह हम सभी के लिए गर्व का पल”

देहरादून, एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने भारतीय महिला टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने निसिन के कोरागी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

“तिरंगे को ऊपर जाते देखना सबसे बड़ा एहसास”

देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे UPL 2026 के दौरान मीडिया से बातचीत में मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने कहा कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की जीत और तिरंगे को ऊंचा लहराते देखना हर भारतीय के लिए बेहद भावुक और गर्व का पल होता है।

उन्होंने कहा, “एक भारतीय के रूप में जब भी हम अपने देश के तिरंगे को ऊपर जाते हुए देखते हैं और अपनी टीम को जीतते हुए देखते हैं, तो वह एक बिल्कुल अलग और खास अहसास होता है। भारतीय महिला टीम पिछले दो एशियन गेम्स से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। यह हम सभी के लिए बेहद गर्व का पल है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी टीम आने वाले समय में भी इसी तरह देश का नाम रोशन करती रहेगी।”

भारतीय महिला क्रिकेट का बढ़ता वर्चस्व

भारतीय महिला टीम की यह सफलता 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में जीते गए स्वर्ण पदक के बाद लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय महिला टीम के लगातार मजबूत होते प्रदर्शन और बढ़ते वर्चस्व की झलक देखने को मिलती है।

UPL 2026 से मिल रहा युवा खिलाड़ियों को मंच

वहीं, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) द्वारा आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच बनकर उभरा है। टूर्नामेंट का तीसरा सीजन 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।

महिला वर्ग में इस बार चार टीमें—मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स—खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं। यह प्रतियोगिता उत्तराखंड में महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और प्रतिभाओं को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular