देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुआ। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को अंतिम ओवर में 2 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया। मैच का फैसला आखिरी दो गेंदों में हुआ, जहां रक्षित डालाकोटी ने दबाव के बीच शानदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
नैनीताल टाइगर्स ने बनाए 166 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नैनीताल टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। टीम की ओर से ओपनर रोहित दानू ने 32 गेंदों में 45 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं शशांक पंत ने 28 और मुकेश आर. गुप्ता ने 26 रनों का योगदान दिया।
हरिद्वार एल्मास की ओर से रक्षित रोही ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 17 रन देकर 2 विकेट झटके। जन्मेजय जोशी ने भी 2 विकेट हासिल किए।

दक्ष अवाना की दमदार पारी
167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार एल्मास को ओपनर दक्ष अवाना ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने 55 गेंदों में 74 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल था। मध्यक्रम में सौरभ रावत ने 25 और शाश्वत डंगवाल ने 23 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
संकल्प पटोदिया ने पलट दी बाजी
जब लग रहा था कि हरिद्वार आसानी से मुकाबला जीत जाएगा, तभी नैनीताल टाइगर्स के गेंदबाज संकल्प पटोदिया ने शानदार वापसी कराई। उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट लिए और लगातार विकेट निकालकर मुकाबले को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया।
आखिरी ओवर में दिखा असली रोमांच
अंतिम ओवर में हरिद्वार एल्मास को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी अवनीश सुधा के हाथों में थी। पहली गेंद डॉट रही, दूसरी गेंद पर प्रियांश सिंह आउट हो गए। तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना और चौथी गेंद पर केवल एक रन आया।

