देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में गुरुवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दो मुकाबलों में क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच, दमदार बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी का भरपूर नजारा देखने को मिला। पहले मैच में टिहरी टाइटंस ने नैनीताल टाइगर्स को 5 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने ऋषिकेश रिवर किंग्स को 7 विकेट से मात दी।
विजय शर्मा की तूफानी कप्तानी पारी से टिहरी टाइटंस की जीत
पहले मुकाबले में टिहरी टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नैनीताल टाइगर्स ने रोहित दानू की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 183 रन बनाए। रोहित दानू ने 31 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 छक्के शामिल रहे। प्रियांशु पंवार ने 37 रनों का योगदान दिया। टिहरी की ओर से रवींद्र नेगी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टिहरी टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 69 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान विजय शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए महज 40 गेंदों में नाबाद 86 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 छक्के और 1 चौका शामिल रहा। आर्यन शर्मा ने 34 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। टिहरी टाइटंस ने 18.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बनाते हुए मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया।
जनमेजय जोशी और युवराज चौधरी बने हरिद्वार एल्मास की जीत के नायक
दिन के दूसरे मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जनमेजय जोशी और ध्रुव पी. सिंह की सटीक गेंदबाजी के सामने ऋषिकेश रिवर किंग्स की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। जनमेजय जोशी ने 22 रन देकर 4 विकेट झटके। ऋषिकेश की ओर से प्रशांत चौहान ने 42 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 133 रन ही बना सकी।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार एल्मास के कप्तान युवराज चौधरी ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 47 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए। सौरभ रावत ने भी नाबाद 33 रनों का योगदान दिया। हरिद्वार एल्मास ने केवल 17 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।

