देहरादून: राजधानी देहरादून में राजनीतिक पारा उस समय गरमा गया जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय का रुख करते हुए जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में महानगर के सैकड़ों भाजपाई सड़कों पर उतरे और कांग्रेस के खिलाफ हल्ला बोला।
पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर रोका
घेराव की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नज़र आया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कांग्रेस मुख्यालय से कुछ दूरी पहले ही भारी बैरिकेटिंग लगा दी थी। जैसे ही प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें बैरिकेट्स पर ही रोक लिया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की तीखी बहस और धक्का-मुक्की देखने को मिली।
‘राहुल गांधी शर्म करो’ के लगे नारे
बैरिकेटिंग पर रोके जाने से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहीं जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों ने “राहुल गांधी शर्म करो” के जोरदार नारे लगाए। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के विरोध में Bharatiya Janata Party (BJP) द्वारा पूरे देश में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया जा रहा है।
महेंद्र भट्ट ने संभाली कमान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट खुद इस प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कांग्रेस पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। इस दौरान भाजपा महानगर इकाई के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।