द्वाराहाट। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा गोवंश से बढ़ती परेशानियों को लेकर शनिवार को मातृशक्ति ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) महिला अध्यक्ष कल्पना अधिकारी तथा पूर्व ग्राम प्रधान राधा किरौला के नेतृत्व में महिलाओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की।
फसलों और बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
ज्ञापन में कहा गया कि द्वाराहाट नगर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवारा गोवंश की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे किसानों की खड़ी फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
महिलाओं ने यह भी कहा कि नगर की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशु स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और आम नागरिकों के लिए भी खतरा बन गए हैं। कई स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
पहले भी दिया जा चुका है प्रार्थना पत्र
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन को लिखित प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार बढ़ रही समस्या के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा जन आंदोलन
यूकेडी महिला इकाई और क्षेत्र की मातृशक्ति ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवारा गोवंश की समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता बड़े स्तर पर जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान यूकेडी महिला इकाई की पदाधिकारी, बड़ी संख्या में मातृशक्ति तथा स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।