Homeउत्तराखंडविश्व बैंक समूह के प्रबंध निदेशक ने किया एसडीआरएफ मुख्यालय का दौरा,...

विश्व बैंक समूह के प्रबंध निदेशक ने किया एसडीआरएफ मुख्यालय का दौरा, आधुनिक आपदा प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा

देहरादून, विश्व बैंक समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर श्री पास्कल डोनोहो ने बुधवार को अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड की आधुनिक आपदा प्रबंधन व्यवस्था, विशेषज्ञ रेस्क्यू क्षमता, प्रशिक्षण प्रणाली और तकनीकी संसाधनों का विस्तृत अवलोकन किया।

आधुनिक प्रशिक्षण एवं अवसंरचना का किया निरीक्षण

प्रतिनिधिमंडल ने एसडीआरएफ मुख्यालय में विकसित प्रशिक्षण सुविधाओं, प्रथम चरण में पूर्ण किए गए निर्माण कार्यों और आधुनिक आधारभूत संरचना का निरीक्षण किया। उन्होंने एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक, ट्रेनिंग ब्लॉक, कैनाइन यूनिट और एसडीआरएफ कंट्रोल रूम का दौरा कर आपदा के समय रेस्क्यू टीमों की त्वरित तैनाती, संचार व्यवस्था तथा कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

विशेषज्ञ रेस्क्यू क्षमता और प्रशिक्षण प्रणाली की दी जानकारी

इस अवसर पर सेनानायक एसडीआरएफ श्री अर्पण यदुवंशी ने प्रतिनिधिमंडल को उत्तराखंड की पर्वतीय एवं भौगोलिक परिस्थितियों से उत्पन्न आपदा चुनौतियों तथा उनसे निपटने के लिए विकसित की गई विशेषज्ञ रेस्क्यू तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ पर्वतीय क्षेत्रों, नदी-घाटियों, भूस्खलन प्रभावित इलाकों और अन्य आपदा संभावित क्षेत्रों में त्वरित एवं समन्वित रेस्क्यू अभियान संचालित करने में सक्षम है। प्रतिनिधिमंडल को खोज एवं बचाव, पीड़ितों का पता लगाने, प्राथमिक प्रतिक्रिया और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राहत कार्यों के लिए दिए जाने वाले व्यावहारिक प्रशिक्षण से भी अवगत कराया गया।

कैनाइन यूनिट और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली ने खींचा ध्यान

विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीआरएफ की कैनाइन यूनिट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षित श्वान दस्तों की भूमिका, खोज एवं बचाव अभियानों में उनकी उपयोगिता तथा विभिन्न आपात स्थितियों में एसडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की जानकारी साझा की गई।

सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की केस स्टडी भेंट

भ्रमण के समापन पर सेनानायक अर्पण यदुवंशी एवं बी.बी. गणनायक ने श्री पास्कल डोनोहो को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित केस स्टडी पुस्तक भेंट की। इस पुस्तक में रेस्क्यू अभियान के दौरान आई चुनौतियों, अपनाई गई रणनीतियों, विभिन्न एजेंसियों के समन्वय और अभियान से मिली महत्वपूर्ण सीख को शामिल किया गया है।

वैश्विक स्तर पर उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन क्षमता का प्रदर्शन

विश्व बैंक समूह के प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा उत्तराखंड की आधुनिक आपदा प्रबंधन व्यवस्था, प्रशिक्षण उत्कृष्टता और विशेषज्ञ रेस्क्यू क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही यह भ्रमण आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में ज्ञान, अनुभव और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक सुशील रावत एवं संजय उप्रेती, क्वार्टर मास्टर आनंद रावत, इंस्पेक्टर प्रमोद रावत, सूबेदार मेजर जयपाल राणा सहित एसडीआरएफ के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular