अल्मोड़ा | उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के धारकीतुणी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुराने मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसके नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शव मलबे से बाहर निकाले।
जानकारी के अनुसार, आज 01 सितंबर 2026 को सुबह 11:36 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) अल्मोड़ा से SDRF को सूचना मिली कि धारकीतुणी के पास एक पुराने मकान की दीवार गिर गई है, जिसके नीचे दो व्यक्ति दब गए हैं।

सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलबा हटाया और दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।
SDRF ने दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जिला पुलिस द्वारा की जा रही है।

