FLO Bazaar 2026: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में फैशन, ज्वेलरी, लाइफस्टाइल और वेडिंग से जुड़े उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी ‘फिक्की फ्लो बाज़ार 2026 – द वेडिंग एडिट’ का आयोजन 16 और 17 अक्टूबर को किया जाएगा। फिक्की फ्लो उत्तराखंड की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय प्रदर्शनी मालसी स्थित द सॉलिटेयर फार्म्स में सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी। आयोजन में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड ने बुधवार को दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस वार्षिक आयोजन की जानकारी साझा की। ‘द वेडिंग एडिट’ थीम पर आधारित इस बार के बाज़ार में शादी की खरीदारी के साथ फैशन, ज्वेलरी, ब्यूटी, होम डेकोर, गिफ्टिंग, हस्तशिल्प और वेडिंग सेवाओं से जुड़े अनेक विकल्प एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।
महिला उद्यमियों और डिजाइनरों को मिलेगा मंच
फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बेहल ने कहा कि फ्लो बाज़ार चैप्टर की प्रमुख पहलों में शामिल है। इसका उद्देश्य उद्यमियों, डिजाइनरों, शिल्पकारों और व्यवसायों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं को प्रदर्शित करने तथा नए ग्राहकों से जुड़ने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष शादी से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए फैशन, ज्वेलरी, गिफ्टिंग, डेकोर, ब्यूटी और मनोरंजक गतिविधियों को एक मंच पर लाया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से स्थानीय एवं अन्य उभरते व्यवसायों को नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी करेंगे उद्घाटन
फ्लो बाज़ार 2026 का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। आयोजन में भाजपा उत्तराखंड की प्रदेश सचिव नेहा जोशी, पर्यटन विभाग उत्तराखंड की अपर निदेशक पूनम चंद, रीवा की राजकुमारी मोहिना कुमारी सिंह और फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय पूर्व अध्यक्ष डॉ. कुसुम अंसल सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
नौ श्रेणियों में मिलेंगे खरीदारी के विकल्प
फिक्की फ्लो उत्तराखंड की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीनाक्षी सोती के अनुसार, प्रदर्शनी में नौ प्रमुख श्रेणियों के अंतर्गत विभिन्न ब्रांड और प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। इनमें फैशन एवं परिधान, ज्वेलरी, ब्यूटी एवं वेलनेस, होम डेकोर एवं लिविंग, गिफ्ट्स एवं फेवर्स, कला एवं हस्तशिल्प, फूड एवं गॉरमे, वेडिंग सर्विसेज एवं एक्सपीरियंसेज तथा वेडिंग वेन्यू एवं हॉस्पिटैलिटी शामिल हैं।
प्रदर्शनी में स्थापित ब्रांड्स के साथ उभरते डिजाइनरों, हस्तनिर्मित उत्पादों के निर्माताओं और विशेष सेवाएं देने वाले व्यवसायों को भी जगह मिलेगी। इससे आगंतुकों को शादी, त्योहारों और लाइफस्टाइल से जुड़ी खरीदारी के लिए विविध विकल्प मिलेंगे।



