देहरादून। उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से जरूरतमंद एवं प्रभावित बच्चों को लगातार आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को अपने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय से सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के माध्यम से सितंबर और अक्टूबर 2026 की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के जरिए हस्तांतरित की।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि सितंबर 2026 में प्रदेश के 4,750 लाभार्थियों को 1 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये तथा अक्टूबर 2026 में 4,727 लाभार्थियों को 1 करोड़ 41 लाख 81 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई। इस प्रकार दोनों महीनों में कुल 9,477 लाभार्थियों को 2 करोड़ 84 लाख 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना उन बच्चों के लिए सुरक्षा और संबल का माध्यम है, जिन्होंने कोविड-19 महामारी अथवा अन्य विषम परिस्थितियों में अपने माता-पिता या संरक्षक को खो दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ऐसे बच्चों के बेहतर भविष्य, शिक्षा और भरण-पोषण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
रेखा आर्या ने बताया कि योजना के तहत पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक प्रतिमाह 3,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र बच्चों को समय पर और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ मिले।
उन्होंने जानकारी दी कि जिला स्तरीय समितियों द्वारा अब तक 6,544 बच्चों को योजना के लिए अनुमोदित किया गया है। सितंबर 2026 में 30 और अक्टूबर 2026 में 23 बच्चों ने 21 वर्ष की आयु पूरी कर ली। योजना शुरू होने के बाद से अब तक 1,565 बच्चे आयु सीमा पूरी कर योजना से बाहर हुए, जबकि मृत्यु, रोजगार, माता-पिता के पुनर्विवाह, लाभार्थी के विवाह समेत अन्य कारणों से 252 बच्चे योजना से बाहर हो चुके हैं। इस तरह योजना से बाहर होने वाले बच्चों की कुल संख्या 1,817 हो गई है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ उनके भरण-पोषण, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है।




