नंदासैंण। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल देवलकोट में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भूतपूर्व सदस्य क्षेत्र समिति वीरेंद्र सिंह चौधरी, विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन कुमार, विद्यालय के पीटीए अध्यक्ष शिव सिंह नेगी तथा प्रधानाचार्य मुकेश कुंवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे बच्चों का मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। इसके बाद चेयर रेस, शटल रेस और खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।




