पंतनगर। सहकार भारती उत्तराखंड के तत्वावधान में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुमाऊं मंडल के छह जिलों—नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत—के लगभग 90 पैक्स अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों का तीन दिवसीय आवासीय नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण वर्ग का वर्चुअल उद्घाटन 21 सितंबर को पूज्य लक्ष्मणराव इनामदार (वकील साहब) की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश कुमार सेमवाल, सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप और सहकारिता सचिव डॉ. अहमद इकबाल मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन सत्र में सहकार ग्रंथम स्मारिका, देवभूमि सारथी सहकारी संघ, युवाओं के लिए सहकार जागरूकता रील्स तथा प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया।
समापन सत्र में कृषि मंत्री गणेश जोशी वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि राज्य मंत्री डॉ. भुवन विक्रम डबराल कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नई राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2026, त्रिस्तरीय सहकारी व्यवस्था, समिति संचालन एवं चुनाव प्रक्रिया, नेतृत्व विकास, व्यवसाय के नए अवसर, नाबार्ड की वित्तीय योजनाएं तथा सहकारिता में युवाओं के करियर जैसे सात महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी।

