देहरादून। Uttarakhand Premier League 2026 (UPL) के तीसरे सीजन में मंगलवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में महिला वर्ग के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मैच में बागेश्वर एरियल ने पिथौरागढ़ हरिकेन्स को 3 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून वॉरियर्स को 8 विकेट से शिकस्त दी।
बागेश्वर एरियल ने रोमांचक मुकाबले में दर्ज की जीत
पहले मुकाबले में बागेश्वर एरियल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 135 रन बनाए। टीम की ओर से गायत्री आर्य ने 35 गेंदों में 41 रन बनाकर सबसे अहम पारी खेली।

136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बागेश्वर एरियल की शुरुआत संतुलित रही। दबाव के बावजूद टीम ने संयम बनाए रखा और 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर 136 रन बनाते हुए 3 विकेट से रोमांचक जीत अपने नाम कर ली। नंदिनी कौशिक ने 35 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मसूरी क्वींस ने देहरादून वॉरियर्स को 8 विकेट से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देहरादून वॉरियर्स की पूरी टीम 19 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। टीम के लिए प्रीति भंडारी ने 38 गेंदों में 59 रन की जुझारू पारी खेली।

मसूरी क्वींस की ओर से गेंदबाज निशा मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मसूरी क्वींस ने 18.3 ओवर में केवल 2 विकेट खोकर 125 रन बना लिए। कप्तान नंदिनी कश्यप ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 64 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए और टीम को आसान जीत दिलाई।
नंदिनी कश्यप बोलीं- हर टीम के लिए अलग रणनीति
मैच के बाद मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने कहा कि टीम हर मुकाबले के लिए अलग रणनीति तैयार कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम हर टीम के खिलाफ अलग योजना बनाकर उतर रहे हैं। विरोधी बल्लेबाजों और गेंदबाजों का अध्ययन कर रणनीति बनाई जा रही है और अब तक वह सफल रही है। हमारा लक्ष्य फाइनल तक इसी लय को बनाए रखना है।”

