देहरादून। देहरादून से संचालित होने वाली ‘हिमगिरी’ बस सेवाओं पर परिवहन विभाग ने फिलहाल रोक लगा दी है। यह निर्णय ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में निजी बस संचालकों के बीच सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद के बाद लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, निजी बस संचालकों के बीच हुए विवाद के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने मामले का संज्ञान लेते हुए बस सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया।

बताया जा रहा है कि पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग मार्ग पर संचालित 11 बसों के परमिट का विस्तार किया गया है। वहीं, पूरे मामले के समाधान और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए शनिवार को बस संचालकों की बैठक बुलाई गई है।
आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बैठक में बसों के रोटेशन सिस्टम और समयसारिणी (टाइम टेबल) की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और बस संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
फिलहाल आरटीओ के अगले निर्देश तक हिमगिरी बस सेवाएं स्थगित रहेंगी। बैठक के बाद आगे की व्यवस्था और संचालन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
