Homeउत्तराखंडनंदप्रयाग में 'भुली' कार्यक्रम के तहत 24 उद्यमियों के व्यवसायों का भौतिक...

नंदप्रयाग में ‘भुली’ कार्यक्रम के तहत 24 उद्यमियों के व्यवसायों का भौतिक सत्यापन, चैलेंज फंड से मिलेगी 15 लाख तक की सहायता

कर्णप्रयाग। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत उत्तराखंड ग्रामीण आजीविका मिशन (यूएसआरएलएम) द्वारा संचालित ‘भुली’ कार्यक्रम के तहत उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सोमवार को सीएमटीसी सोनला में दूसरे चरण का भौतिक सत्यापन संपन्न हुआ।

भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के सहयोग से आयोजित इस प्रक्रिया में ब्लॉक स्तर पर चयनित 24 उद्यमियों के व्यवसायों का विस्तृत भौतिक सत्यापन किया गया।

इस दौरान जोशीमठ, नंदप्रयाग, गैरसैंण, कर्णप्रयाग और दशोली विकासखंडों से चयनित उद्यमी अपने व्यवसाय से संबंधित दस्तावेजों और आवश्यक जानकारियों के साथ सत्यापन प्रक्रिया में शामिल हुए।

यूएसआरएलएम के अनुसार, चयनित उद्यमियों को चैलेंज फंड के माध्यम से अधिकतम 15 लाख रुपये तक का अनुदान तथा औसतन 4 लाख रुपये तक का शून्य ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन सकें।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत चयन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। सभी चरणों के सफल सत्यापन के बाद प्रदेशभर से 30 उद्यमियों का अंतिम चयन किया जाएगा, जिन्हें वित्तीय सहायता एवं व्यवसायिक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में यूएसआरएलएम के स्टेट एसपीएम रोहित फर्त्याल, आईआईएम काशीपुर से गिरधर बिष्ट, डीटीई चमोली विजय प्रसाद, एमयूवाई प्रबंधक गिरीश मिश्रा, बीएमएम मोहन नेगी, देवेश उनियाल और नीरज नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

-अशोक चौधरी, संवाददाता, चमोली गढ़वाल।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here








Most Popular