देहरादून/हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हल्द्वानी की होनहार छात्रा अरीना रघुवंशी से शनिवार को दूरभाष (फोन) पर बात की। मुख्यमंत्री ने अरीना को उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अरीना से बातचीत के दौरान कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अरीना को उनकी कड़ी मेहनत और परिश्रम का उचित फल मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा: “अरीना की मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है। राज्य की बेटियों ने समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश-दुनिया में उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। देवभूमि की बेटियों की यह सफलता राज्य के सशक्तिकरण की एक सुंदर तस्वीर पेश करती है।”
गौरतलब है कि सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणामों में हल्द्वानी की अरीना रघुवंशी ने पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता पर उनके स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री से मिली इस सराहना और आशीर्वाद के बाद अरीना के परिवार ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया है।